इनसाइड स्टोरी / भाजपा लोहरदगा-हुसैनाबाद सीट देकर आजसू से 4 सीटों पर नाम वापस लेने का बना रही दबाव

रांची (विनय चतुर्वेदी). आजसू को लोहरदगा और हुसैनाबाद सीट देकर भाजपा उसे गठबंधन करने का एक और मौका देगी। लिहाजा मंगलवार देर रात तक पार्टी ने इन दोनों सीटों के लिए प्रत्याशियों के नाम की घोषणा नहीं की। बुधवार को पहले चरण के नामांकन का अंतिम दिन है।


अगर आजसू चक्रधरपुर, चंदनकियारी, सिंदरी और मांडू से अपने प्रत्याशी हटाने पर रजामंद हो गया, तो इस फार्मूले पर आगे बढ़ सकता है, अन्यथा भाजपा बुधवार को आनन-फानन में यहां भी अपने उम्मीदवार उतार सकती है। मंगलवार दोपहर को भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने आजसू को यह संदेश भेजा कि वह 4 सीटों से प्रत्याशी हटा ले। भाजपा ने 12 सीटें देने का भी प्रस्ताव दिया, पर आजसू इस पर सहमत नहीं हुआ। देर रात मिली सूचना के अनुसार भाजपा ने 14 सीटों का प्रस्ताव दिया है। साथ में लोहरदगा और हुसैनाबाद से प्रत्याशी नहीं देने की भी बात कही है।


आजसू से चल रही है वार्ता : नंदकिशोर यादव
सीएम आवास से बैठक के बाद बाहर निकले प्रदेश विधानसभा चुनाव सह प्रभारी नंदकिशोर यादव ने कहा कि आजसू से अभी वार्ता जारी है। जो भी तय होगा वह केंद्रीय स्तर पर ही होगा।


भाजपा बताए, टिकट क्यों काटा
राधाकृष्ण किशोर आजसू के प्रदेश कार्यालय में हमलावर दिखे, कहा-भाजपा बताए आखिर हमारा टिकट क्यों काटा? किशोर ने कहा कि सर्वेक्षण में भी मेरी रिपोर्ट अच्छी थी।


सुदेश महतो बोले-पहले मित्र दल का विचार आए


सुदेश महतो से यह पूछने पर कि क्या घोषित सूची में से आजसू कोई नाम हटा सकती है, उन्होंने कहा कि मित्र दल का विचार आने दें, फिर बताएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा सिल्ली से उम्मीदवार दे सकती है, वे स्वागत करेंगे। पहली सूची आजसू ने नहीं, भाजपा ने जारी की है। कांग्रेस के सरोज दुबे भी मंगलवार को आजसू में शामिल हुए।


लोजपा अकेले 50 सीटों पर लड़ेगी चुनाव
लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने झारखंड में पार्टी के 50 सीटों पर लड़ने की घोषणा की है। पार्टी ने 5 सीटों छतरपुर से शशिकांत कुमार, पांकी से डॉ. रामदेव प्रसाद यादव, भवनाथपुर से रेखा देवी, हुसैनाबाद से आनंद प्रताप सिंह व विश्रामपुर से शशिरंजनधर दुबे के नाम की घोषणा की।